महासमुंद,14 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र की है।
देवाशीष स्कूल के पास हुआ भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर बागबाहरा थाना क्षेत्र के देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दो महिलाओं की मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो महिलाओं और एक पुरुष को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।
ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे मृतक और घायल
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में सवार मरीज और अन्य लोग ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की पहचान की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से कैसे टकराई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।



