कुलगाम/छत्तीसगढ़,1 अगस्त 2026

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को निशाना बनाया गया। इस हमले में दीपक रात्रे (24 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र (28 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक रात्रे, पिता उमाशंकर रात्रे, छत्तीसगढ़ के निवासी थे। वहीं घायल भूपेंद्र, पिता दशरथ, का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में एक श्रमिक की मृत्यु और दूसरे के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि घायल श्रमिक का समुचित इलाज कराया जा रहा है और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts