रायपुर, 15 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर में अब बंदूक की जगह खेल के मैदान और भय एवं हिंसा की जगह विश्वास तथा विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान, संस्कृति और समृद्धि राज्य सरकार का संकल्प है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय जननायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जुटी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के प्रत्येक परिवार तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
नितिन नवीन बोले—बस्तर की नई पहचान अब हिंसा नहीं, शिक्षा और विकास
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता मिली है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से बस्तर में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। युवा शिक्षा, खेल और कौशल के माध्यम से अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब बंदूक की जगह खेल का मैदान, हिंसा की जगह शिक्षा और भय की जगह विश्वास लेता है, तब विकास को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने बस्तर ओलंपिक में युवाओं की भागीदारी और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की नीट एवं जेईई में सफलता को सकारात्मक बदलाव का उदाहरण बताया।
भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया था। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के संघर्ष का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ समाज के लोगों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी श्रवण किया और प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।
पद्मश्री सम्मानित जनजातीय विभूतियों का हुआ सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, कला और संस्कृति के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित श्रीमती बुधरी ताती, श्री जागेश्वर यादव और श्री पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया।
इसके साथ ही जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर जनजातीय कला, संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और शासन की योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित किया गया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।
6,691 गांवों तक पहुंच रहीं विकास सुविधाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए पीएम-जनमन योजना के तहत महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राज्यांश की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया था। वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों के माध्यम से अब तक लगभग 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। योजना की लगभग 30 प्रतिशत लाभार्थी जनजातीय समाज से हैं।
उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना को फिर से शुरू किया गया है। जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा और देवगुड़ी विकास के कार्य भी कराए जा रहे हैं।
बस्तर में शांति और विश्वास का नया सवेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में मिली सफलताओं से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण तैयार हुआ है। नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मनेंद्रगढ़ और गीदम में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में काम किया जा रहा है। जगरगुंडा और ओरछा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। दूरस्थ गांवों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा भी शुरू की गई है।
किसानों के लिए बड़ा फैसला, 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी सहायता राशि
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।
कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की खुशहाली ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि का आधार है।
आज से धान खरीदी शुरू, प्रदेश में 3,100 हुए उपार्जन केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेशभर में धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए सरकार ने 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।
उन्होंने कहा कि नए केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही उपार्जन केंद्रों में भीड़ और लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी।
समारोह में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने भाग लिया।



