रायपुर, 23 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन गतिविधियों के विस्तार को लेकर छत्तीसगढ़ ट्रेवल एंड टूरिज्म एसोसिएशन (CTTA) के प्रतिनिधिमंडल ने आज पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को 27 सितंबर को आयोजित होने वाले विश्व पर्यटन दिवस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया और कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।

बैठक में छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार, पर्यटन स्थलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों की सहभागिता बढ़ाने से संबंधित सुझाव मंत्री के सामने रखे।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक और जनजातीय पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। बेहतर सुविधाओं, प्रभावी प्रचार-प्रसार और निजी क्षेत्र की सक्रिय सहभागिता के जरिए प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के पर्यटकों के बीच और अधिक लोकप्रिय बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं, महिलाओं, कारीगरों, कलाकारों, होम-स्टे संचालकों और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठनों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय से प्रदेश में पर्यटन विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के सुझावों और अनुभवों को महत्वपूर्ण बताते हुए सामूहिक प्रयासों के जरिए छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता को प्रभावी ढंग से सामने लाने की बात कही।

27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस कार्यक्रम

CTTA प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री राजेश अग्रवाल से 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। मंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस का आयोजन छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं, विविध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पक्षों के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत करने का मंच बनेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री द्वारा प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए दिए जा रहे मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े संगठनों और स्थानीय हितधारकों के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने विश्व पर्यटन दिवस कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता को नई पहचान दिलाने के लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने बेहतर सुविधाओं, सामूहिक सहभागिता और प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts