रायपुर, 23 सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ में जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की तस्वीर सामने आ रही है। सरगुजा जिले के जनपद पंचायत अम्बिकापुर अंतर्गत ग्राम रामपुर निवासी एतवार दास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण वर्षों पुरानी परेशानी से राहत लेकर आई है। मजदूरी कर परिवार का जीवनयापन करने वाले एतवार दास लंबे समय तक अपने पिता के पुराने कच्चे मकान में रहे। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने और घर के सामान को बचाने की चिंता अब उनके जीवन का हिस्सा नहीं है। योजना से पक्का आवास मिलने के बाद उनका परिवार सुरक्षित और सुकून भरा जीवन जी रहा है।

बारिश आते ही बढ़ जाती थी परेशानी

एतवार दास बताते हैं कि उनके पिता का पुराना मिट्टी का मकान समय के साथ जर्जर हो गया था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण परिवार को काफी परेशानी होती थी। घर के भीतर पानी न आए और सामान खराब न हो, इसके लिए बारिश के दौरान लगातार चिंता बनी रहती थी।

दैनिक मजदूरी से होने वाली सीमित आय में परिवार की जरूरतें पूरी करना ही प्राथमिकता थी। ऐसे में पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। नियमित आय का स्थायी साधन नहीं होने के कारण वे पुराने कच्चे मकान की मरम्मत कर किसी तरह परिवार के साथ जीवन गुजार रहे थे।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से पूरा हुआ पक्के घर का सपना

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ मिलने के बाद एतवार दास के परिवार की वर्षों पुरानी समस्या दूर हुई। योजना के माध्यम से उनका पक्का आवास तैयार हुआ। अब बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने की चिंता नहीं रहती और परिवार को सुरक्षित आवास का सहारा मिला है।

अपने पक्के घर को लेकर खुशी जाहिर करते हुए एतवार दास ने कहा, “पहले मेरे पिताजी का कच्चा मकान था और उसी में हम रहते थे। बारिश में बहुत पानी चूता था, जिससे बहुत परेशानी होती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से मुझे पक्का मकान मिल गया है। अब मेरे को वह तकलीफ नहीं है और मेरा परिवार सुखी है।”

पक्का मकान बना सुरक्षा और सुकून का आधार

एतवार दास के लिए पक्का आवास केवल एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही चिंता और असुविधा से मिली राहत है। अब वे अपनी पत्नी के साथ सुरक्षित आवास में रह रहे हैं। बारिश के दिनों में घर और सामान को बचाने की चिंता से उन्हें मुक्ति मिली है और परिवार के जीवन में स्थिरता और सुरक्षा आई है।

वे बताते हैं कि मजदूरी ही उनकी आजीविका का साधन है और सीमित आय में पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। योजना का लाभ मिलने से उनके परिवार की एक बड़ी जरूरत पूरी हुई है।

एतवार दास ने पक्का आवास मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनकी कहानी बताती है कि जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित आवास मिलने से केवल पक्की छत ही नहीं मिलती, बल्कि मौसम की चिंता से राहत, परिवार की सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का संबल भी मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts