रायपुर,9 नवम्बर 2026
गांव की प्रतिभाओं को पहचान, सम्मान और प्रोत्साहन देने की सकारात्मक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ग्राम कोलर में ग्राम गौरव प्रतिभा परिवार सम्मान समारोह का आयोजन 11 नवंबर, बुधवार को किया जाएगा। समारोह में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू करेंगे। वहीं, अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, यादव ठेठवार समाज के प्रदेशाध्यक्ष संतोष यदु, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु और जिला पंचायत रायपुर की सभापति अन्नू तारक की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत दुर्गा साहू द्वारा लोककला पंडवानी की प्रस्तुति दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से ग्रामवासियों एवं सहयोगकर्ताओं की सहभागिता से यह आयोजन निरंतर सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। विगत वर्ष इस आयोजन की सराहना छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी की थी।
गांव की प्रतिभाओं को मंच देना है आयोजन का उद्देश्य
आयोजन समिति के अनुसार, समारोह का मुख्य उद्देश्य गांव की प्रतिभाओं को साझा मंच प्रदान करना और उनकी उपलब्धियों के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रेरित करना है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हों या चिकित्सा के माध्यम से मानव सेवा का संकल्प निभाने वाले चिकित्सक, ऐसे व्यक्तित्व समाज की अमूल्य धरोहर हैं।
इन प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों की सराहना नहीं, बल्कि उनके परिश्रम, समर्पण और कर्मठता को पहचान देने का प्रयास है। उनकी सफलता की कहानियां आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देंगी।
आयोजन समिति ने की सहभागिता की अपील
आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों, प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
समिति के सदस्य डिकेश्वर साहू, हरिराम यादव, सौम्य मिश्रा, टिकू साहू, रघुराम साहू, दीपक साहू, यशकुमार, गजेन्द्र साहू एवं गज्जू यादव ने ग्रामवासियों से कार्यक्रम में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।
यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि अपनी माटी, अपनी प्रतिभा और अपने गांव के प्रति गौरव एवं जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है।



