रायपुर, 25 अगस्त 2026

राखी की डोर में बंधा स्नेह और शहादत का सम्मान

रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह के साथ शहादत के सम्मान का भावुक दृश्य देखने को मिला। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी।

राखी बंधवाते समय मुख्यमंत्री श्री साय भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है। हम लोग भाई ही भाई हैं। आज माधुरी जी ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है। मुझे सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली है।”

माधुरी को दिया भाई होने का भरोसा

मुख्यमंत्री के इन भावुक शब्दों से कार्यक्रम का माहौल भी भावुक हो उठा। एक ओर माधुरी वर्मा, जिन्होंने प्रदेश और मातृभूमि की सुरक्षा के लिए अपने जीवनसाथी को खोया, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने उनकी राखी को केवल रक्षा सूत्र नहीं, बल्कि भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते के रूप में स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने माधुरी वर्मा को भरोसा दिलाया कि शहीद युगल किशोर वर्मा का परिवार उनका अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं। उनके सुख-दुःख, सम्मान और भविष्य की चिंता करना सरकार का दायित्व ही नहीं, बल्कि आत्मीय कर्तव्य भी है।

शहीदों के बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री ने शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपने वीर जवानों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के जवानों ने अपना आज इसलिए न्योछावर किया, ताकि छत्तीसगढ़ की आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित रह सके। माधुरी वर्मा द्वारा बांधी गई राखी के साथ मुख्यमंत्री ने शहीद परिवार के प्रति अपने भाई के रिश्ते और जिम्मेदारी को भी स्वीकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts