रायगढ़/रायपुर, 18 सितंबर 2026

परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के अवतरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात की तथा आश्रम की परंपरा के अनुरूप पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

नवीन विद्या मंदिर भवन का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री साय ने अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर के नवीन भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर का अवलोकन करने के साथ विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी भी देखी। बच्चों के वैज्ञानिक मॉडल और नवाचारों में रुचि लेते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी रचनात्मकता, जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बनोरा आश्रम सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता की प्रेरणादायी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। अघोरेश्वर भगवान राम जी का जीवन मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित रहा। आश्रम द्वारा स्वास्थ्य, नेत्र शिविर, जरूरतमंदों की सहायता और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नया विद्या मंदिर सेवा यात्रा में शिक्षा के क्षेत्र का महत्वपूर्ण अध्याय है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर देगा। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों में संस्कार, संवेदनशीलता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी भी विकसित होनी चाहिए।

8 एकड़ में बना आधुनिक स्कूल

अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट द्वारा निर्मित नया विद्यालय परिसर करीब 8 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। लगभग एक लाख वर्गफीट में बने जी प्लस-2 भवन में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

विद्यालय में 41 कक्षाएं, 9 आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास की सुविधा है। नर्सरी के बच्चों के लिए खेल सामग्री और गतिविधि आधारित शिक्षण की व्यवस्था की गई है। विद्यालय के संचालन के लिए 32 शिक्षक और 14 कार्यालयीन कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है।

‘अघोरेश्वर भगवान राम जी से हमारे परिवार का पुराना जुड़ाव’

मुख्यमंत्री श्री साय ने अघोरेश्वर भगवान राम जी और बनोरा आश्रम से अपने परिवार के पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय केदारनाथ साय जी अघोरेश्वर भगवान राम जी के परम शिष्य थे। उन्होंने कहा कि बचपन से ही परिवार में अघोरेश्वर भगवान राम जी के प्रति श्रद्धा और उनके सेवा-दर्शन का वातावरण रहा है।

मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से उन्हें उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि बनोरा आकर उन्हें आत्मीयता और आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है।

ओपी चौधरी ने भी किया आश्रम के सेवा कार्यों का उल्लेख

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बनोरा आश्रम केवल आध्यात्मिक साधना का केंद्र नहीं, बल्कि मानव सेवा, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि नवीन विद्यालय भवन से आश्रम की सेवा परंपरा में शिक्षा का एक और सशक्त आयाम जुड़ा है।

अघोरेश्वर भगवान राम जी के जीवन-दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उनका जीवन मानव सेवा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता के आदर्शों को समर्पित रहा। उन्होंने उपेक्षित, वंचित और पीड़ित लोगों के प्रति संवेदना तथा सेवा को महत्वपूर्ण स्थान दिया।

तीन दशक से सेवा और साधना का केंद्र बना बनोरा

रायगढ़ जिले का ग्राम बनोरा पिछले करीब तीन दशक से आध्यात्मिक साधना के साथ शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा का केंद्र बना हुआ है। करीब तीन दशक पहले पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के मार्गदर्शन में यहां अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की नींव रखी गई थी। स्थापना के बाद से ट्रस्ट और उससे जुड़ी संस्थाओं द्वारा जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और सामाजिक संस्कारों से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता सुकलाल चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट के पदाधिकारी, संतवृंद, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts