रायपुर,9 अगस्त 2026

‘हाईजैक’ वाले बयान पर CM साय का पलटवार

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह द्वारा केंद्र सरकार पर छत्तीसगढ़ की सरकार को ‘हाईजैक’ करने के लगाए गए आरोप पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस बयान को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई साल में डबल इंजन सरकार के कारण छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी प्रमुख वादों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।

18 लाख PM आवास का वादा पूरा करने का दावा

अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

उन्होंने कहा कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास का वादा पूरा किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत राशि दी जा रही है।

CM साय ने कहा कि सरकार के प्रयासों से हर क्षेत्र में विकास हो रहा है और प्रदेश में अच्छा काम किया जा रहा है।

E20 पेट्रोल पर केजरीवाल के बयान पर भी साधा निशाना

E20 पेट्रोल को लेकर अरविंद केजरीवाल के ‘मोदी सिर्फ वोटों की भाषा समझते हैं’ वाले बयान पर भी मुख्यमंत्री साय ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आर्थिक क्षेत्र समेत हर क्षेत्र में देश तेजी से विकास कर रहा है और भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया में 10वें स्थान से चौथे स्थान तक लाया गया है।

विदेशी योगदान संशोधन विधेयक का किया स्वागत

संसद में अगले सप्ताह पेश किए जाने वाले ‘विदेशी योगदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026’ को लेकर भी मुख्यमंत्री साय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस विधेयक का स्वागत करती है और इससे देश को लाभ होगा।

बस्तर में तिरंगा फहराने को लेकर कांग्रेस पर हमला

बस्तर के कई गांवों में पहली बार तिरंगा फहराए जाने को कांग्रेस द्वारा प्रोपेगेंडा बताए जाने पर मुख्यमंत्री साय ने विपक्ष पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर चार दशकों से अधिक समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है और अब नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में आगे बढ़ने के बाद 90 से अधिक गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा

उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि पर विरोध करने के बजाय खुश होना चाहिए, क्योंकि बस्तर में लंबे समय बाद सामान्य माहौल की दिशा में बदलाव देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts