कोलकाता , 8 जून 2026
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि राज्य सरकार ने पिछले एक महीने में 4,800 अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को डिपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों में बनाए गए होल्डिंग सेंटर्स में रखे गए 836 अन्य अवैध प्रवासियों को भी जल्द बांग्लादेश भेजने की तैयारी चल रही है।
भाजपा के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के कानून के तहत अवैध घुसपैठियों को जेल भेजने के बजाय सीमा सुरक्षा बल (BSF) को सौंपा जा सकता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब ‘डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट’ नीति पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सीमावर्ती जिलों में विशेष हिरासत और होल्डिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां पकड़े गए अवैध प्रवासियों को रखा जा रहा है। उनके अनुसार, पहले ऐसे लोगों को जेलों में रखा जाता था, लेकिन अब व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
सीमा सुरक्षा और बाड़बंदी सरकार की प्राथमिकता
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से BSF को लगभग 100 किलोमीटर भूमि सौंपी जा चुकी है। उन्होंने अवैध घुसपैठ रोकने और सीमा पर बाड़बंदी को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश के साथ 2,216 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा लगती है, जिसमें से लगभग 556 किलोमीटर हिस्सा अब भी बिना बाड़ के है। राज्य सरकार का कहना है कि सीमाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
