रायपुर, 29 जुलाई 2026

मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में गृह विभाग की विशेष केंद्रीय सहायता (SCA) योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय अंतर्विभागीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा जिलों में चल रहे आधारभूत संरचना, सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवार कार्ययोजना के तहत स्वीकृत सड़क, पुल, पुलिया और अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए पूर्ण, अपूर्ण और प्रगतिरत परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा के कलेक्टरों से निर्माण कार्यों की स्थिति पर चर्चा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और लगातार समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर में सड़क निर्माण के 28, नारायणपुर में 7 और सुकमा में 9 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं पुल निर्माण के तहत कांकेर में 7 तथा सुकमा में 5 कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष स्वीकृत परियोजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, गृह एवं जेल विभाग, वित्त विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts