रायपुर/झांसी, 29 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब वह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव को कमर और पैर में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

हादसे के समय वाहन में उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

सूत्रों के अनुसार, किरण सिंह देव को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, हादसे में उनका चालक भी घायल हुआ है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना को लेकर अभी तक प्रशासन या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts