रायपुर, 07 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ सरकार के जल संसाधन विभाग ने राज्य में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सात प्रमुख सिंचाई योजनाओं के लिए कुल 30 करोड़ 74 लाख 39 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से नहरों का जीर्णोद्धार, रिमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग और भूमिगत पाइपलाइन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।

जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बलौदा शाखा नहर के वितरक 11 एवं 12 में रिमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग और पक्के निर्माण कार्यों के लिए 4.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 339.05 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी।

इसी तरह सोंढूर परियोजना के बेन्द्री वितरक नहर की रिमॉडलिंग एवं सीसी लाइनिंग के लिए 4.82 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे करीब 355 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा।

रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड में भाटापारा शाखा नहर के अंतर्गत महानदी परियोजना के विभिन्न सुधार कार्यों के लिए 4.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं, मांढ़र शाखा नहर के वितरक 14 में आरडी 2700 मीटर से 3500 मीटर तक नहर को ह्यूम पाइप के माध्यम से भूमिगत करने के लिए 4.90 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मांढ़र ब्रांच केनाल सर्विस रोड पर आरडी 31600 मीटर से 32900 मीटर तक डामर सड़क निर्माण के लिए 1.90 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा मांढ़र शाखा नहर के वितरक 8 एवं माइनर 1 में भूमिगत पाइपलाइन तथा कंक्रीट एवं मुरमीकरण सड़क निर्माण के लिए 4.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसी क्रम में मांढ़र शाखा नहर के वितरक 11, 13, 14 एवं माइनर्स में महानदी परियोजना समूह के अंतर्गत जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 4.97 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत इन विकास कार्यों से जल प्रबंधन व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही नहरों की क्षमता और वितरण प्रणाली में सुधार होने से अंतिम छोर (टेल एरिया) तक किसानों के खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलने के साथ कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts