रायपुर,10 अक्टूबर 2026


शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं व यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने छत्तीसगढ़ से जुड़ी रेल सेवाओं में कई अहम बदलाव किए हैं। मैहर में मां शारदा देवी और डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी ठहराव, अतिरिक्त फेरे, ट्रेन विस्तार और अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की गई है।

मैहर स्टेशन पर दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस का अस्थायी ठहराव
पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के अंतर्गत मैहर स्टेशन पर दुर्ग-नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस को पांच मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। यह सुविधा 11 से 22 अक्टूबर तक लागू रहेगी। नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस मैहर स्टेशन पर रात 1:55 बजे पहुंचेगी और 2:00 बजे रवाना होगी। वापसी में दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस सुबह 5:35 बजे पहुंचेगी और 5:40 बजे रवाना होगी।

डोंगरगढ़ में कई ट्रेनों को अस्थायी ठहराव
मां बम्लेश्वरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला अवधि में गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर को रायपुर तक और रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू को गोंदिया तक विस्तारित किया गया है। इसके अलावा डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल का संचालन भी होगा।

11 से 20 अक्टूबर तक बिलासपुर-भगत की कोठी, बिलासपुर-बीकानेर, बिलासपुर-चेन्नई, बिलासपुर-पुणे और सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों को डोंगरगढ़ में दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

इतवारी-शालीमार पूजा स्पेशल ट्रेन के तीन फेरे
दुर्गा पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इतवारी-शालीमार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इतवारी से यह ट्रेन 15, 22 और 29 अक्टूबर को तथा शालीमार से 16, 23 और 30 अक्टूबर को रवाना होगी। ट्रेन का ठहराव रायपुर, दुर्ग, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ में रहेगा।

इसके अलावा शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में 10 से 18 अक्टूबर तक एक अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाया जा रहा है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त सीटें और कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts