रायपुर, 10 अक्टूबर 2026

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने भिलाई नगर निगम के अधिकारियों को नागरिकों को समय पर सेवाएं देने और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिक कस्टमर हैं, इसलिए सेवाओं में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को रोज सुबह फील्ड निरीक्षण करने और दीपावली से पहले भिलाई को कचरामुक्त बनाने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने 15वें वित्त आयोग के तहत चल रहे अधूरे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री बोरा ने भिलाई नगर निगम के लंबित कार्यों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने को कहा। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक श्री नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ श्री सुमीत अग्रवाल और भिलाई नगर निगम की आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह भी मौजूद थीं।

रोज सुबह फील्ड निरीक्षण कर भेजें रिपोर्ट

प्रमुख सचिव श्री बोरा ने जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन सुबह मॉर्निंग विजिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों और कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट निर्धारित ग्रुप में साझा करें, ताकि समय पर सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

दीपावली से पहले भिलाई को कचरामुक्त बनाने के निर्देश

स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान श्री बोरा ने सभी जोन कमिश्नरों को दीपावली से पहले भिलाई को कचरामुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कचरा प्रबंधन, प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना और संचालन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने कचरे के उचित प्रसंस्करण और स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी पर भी जोर दिया।

अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

श्री बोरा ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने, तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने और नियमित निगरानी के जरिए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को कहा।

आवास निर्माण में बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों की सुविधाओं का ध्यान

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समीक्षा के दौरान श्री बोरा ने आवास निर्माण में बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने आवासों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सभी के अनुकूल बनाने तथा पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने को कहा। साथ ही ई-बस सेवा योजना शुरू करने की तैयारियों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

जल संरक्षण और राजस्व वसूली पर जोर

प्रमुख सचिव ने जल प्रदाय, जल संरक्षण, मिशन अमृत और तालाबों के रखरखाव से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संपत्ति कर वसूली, ग्रीन बॉन्ड, बिजली बिलों और अन्य वित्तीय विषयों की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण में सुधार लाने को कहा। ऑनलाइन नागरिक सेवाओं, ई-ऑफिस और डिजिटल व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

निदान-1100 की शिकायतों का समय पर करें निराकरण

श्री बोरा ने निदान-1100 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने को कहा।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य, संयुक्त संचालक श्री मिथिलेश अवस्थी और मुख्य अभियंता श्री राजेश शर्मा सहित नगरीय प्रशासन विभाग, सूडा और भिलाई नगर निगम के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts