रायपुर, 6 अगस्त 2026
राज्य के खिलाड़ियों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा राजपत्र (गजट) में इसका प्रकाशन कर अधिसूचना जारी की गई है। यह सूची छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की नीति, 2007 के तहत प्रकाशित की गई है।
जारी सूची में 20 खेलों के कुल 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें आर्चरी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, क्रिकेट, फेंसिंग, फुटबॉल, हॉकी, जुडो, कबड्डी, खो-खो, पावरलिफ्टिंग, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती और वुशु जैसे खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं। इससे चयनित खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।
सूची में आर्चरी के धर्मेश गोपने, जितेंद्र सिंह मरावी, नित्या धुर्व, भरत कुमार यादव, आरती मरसराम, बैडमिंटन के वेंकट गौरव प्रसाद, जूही देवांगन, आकांक्षा कश्यप, बॉक्सिंग की पूजा रानी तथा फेंसिंग के स्वाति विश्वकर्मा और वी. जॉनसन सोलोमन सहित विभिन्न खेलों के अनेक खिलाड़ियों को स्थान दिया गया है।
गौरतलब है कि 30 जून 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद सूची को राजपत्र में प्रकाशन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया था।
बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव सहित समिति के सदस्यों ने वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम रूप दिया गया। आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग ने राजपत्र में सूची प्रकाशित कर दी है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिली है।



