रायपुर,4 अगस्त 2026

कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव के शानदार प्रदर्शन के बाद खेल मंत्री अरुण साव ने प्रदेश में खेलों को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। साथ ही राज्य को तीरंदाजी का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

मंत्री ने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-3 में 67 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल आर्चरी अकादमी स्थापित की जा रही है। इसके लिए 13.47 एकड़ भूमि निःशुल्क आवंटित की गई है और अकादमी निर्माण के लिए एनटीपीसी, एनआरएएनवीपी और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया गया है।

उन्होंने कहा कि जशपुर में भी करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी का निर्माण जारी है। वहीं नवा रायपुर सेक्टर-28 में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण के लिए 114.05 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 94.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

जशपुर के कुनकुरी में 64 करोड़ रुपये और रायगढ़ में 92 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे, जिनकी प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो चुकी है।

बस्तर ओलंपिक की सफलता का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि 2024 में 1.65 लाख और 2025 में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। दो संस्करणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 31 खिलाड़ियों को यूथ आइकन चुना गया।

उन्होंने बताया कि सरगुजा ओलंपिक 2026 में 3.49 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। यहां 14 खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चयनित किया गया।

मंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 की मेजबानी छत्तीसगढ़ ने सफलतापूर्वक की। रायपुर, बस्तर और सरगुजा में आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब 3000 खिलाड़ियों ने भाग लिया और छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते।

राज्य सरकार ने पदक विजेताओं के लिए स्वर्ण पर 2 लाख रुपये, रजत पर 1.5 लाख रुपये और कांस्य पर 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि घोषित की है।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस मिशन के तहत एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, फीडर सेंटर, एथलीट वेलफेयर और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण जैसी योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि सरकार ने 2019-20 से 2022-23 तक लंबित राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन कर 1,143 खिलाड़ियों को पुरस्कार, नगद राशि और खेलवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts