रायपुर, 1 सितंबर 2026
खान मंत्रालय की ओर से रायपुर में महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी की 8वीं श्रृंखला पर रोड शो आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और अन्य हितधारक मौजूद रहे।
खनिज विकास के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के समृद्ध खनिज संसाधनों और भारत के खनन एवं औद्योगिक विकास में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राज्य की खनिज क्षमता का बेहतर उपयोग करने के लिए अधिक निवेश, खनिज संसाधनों का त्वरित विकास और केंद्र-राज्य के बेहतर समन्वय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने उद्योग और निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेश को सुगम बनाने और सतत खनिज विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
महत्वपूर्ण खनिजों की खोज और विकास पर जोर
केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिज भारत के आर्थिक विकास, औद्योगिक प्रगति, स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण और उभरती प्रौद्योगिकियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने इन संसाधनों की खोज और विकास में तेजी लाने के साथ उद्योग एवं निवेशकों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि खनिज मूल्य श्रृंखला में घरेलू क्षमताओं को मजबूत करना भारत की खनिज सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
नई खनिज मूल्य श्रृंखलाओं की अपार संभावनाएं
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ के मजबूत खनन एवं औद्योगिक आधार को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों में निवेश से नए औद्योगिक विकास केंद्र, सतत अधोसंरचना और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य की अवसंरचना, कुशल कार्यबल और संस्थागत सहयोग दीर्घकालिक निवेश के लिए मजबूत आधार प्रदान करते हैं।
छत्तीसगढ़ के पांच ब्लॉक नीलामी की 8वीं श्रृंखला में
खान मंत्रालय के सचिव केशव चंद्र ने बताया कि नीतिगत सुधारों, पारदर्शी नीलामी और तेज परिचालन से भारत का महत्वपूर्ण खनिज पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत हुआ है। अब तक प्रस्तुत 88 महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिज ब्लॉकों में से 56 ब्लॉकों की सफलतापूर्वक नीलामी हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि नीलामी की 8वीं श्रृंखला में नौ राज्यों में फैले 20 खनिज ब्लॉक शामिल हैं। इनमें 17 समग्र लाइसेंस और 3 खनन पट्टा ब्लॉक हैं।
इन ब्लॉकों में ग्रेफाइट, दुर्लभ मृदा तत्व, दुर्लभ धातु, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम, टंगस्टन, पोटाश, फॉस्फोराइट और ग्लॉकोनाइट जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। इनमें से पांच खनिज ब्लॉक छत्तीसगढ़ में स्थित हैं।
खनन से आगे प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर जोर
खान मंत्रालय के संयुक्त सचिव संदीप कदम ने कहा कि महत्वपूर्ण खनिज भारत के आर्थिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक उद्योगों के लिए आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि केवल खनन तक सीमित रहने के बजाय प्रसंस्करण, परिशोधन और मूल्य संवर्धन पर भी ध्यान देना जरूरी है। नीलाम किए गए ब्लॉकों के तेजी से संचालन के लिए केंद्र, राज्य और उद्योग के बीच मजबूत सहयोग की आवश्यकता है।
निवेशकों को खनिज क्षमता तलाशने का आह्वान
सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने निवेशकों से छत्तीसगढ़ की विशाल खनिज क्षमता का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने तेज परिचालन, पारदर्शी खनन प्रक्रियाओं और प्रौद्योगिकी आधारित खनिज निगरानी के प्रति राज्य के प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने टिन पोर्टल सहित विभिन्न पहलों का उल्लेख किया, जिनके माध्यम से आदिवासी टिन संग्राहकों को पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही टिन-युक्त संसाधनों से कोलंबाइट जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की खोज की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
तकनीकी सत्र में नीलामी प्रक्रिया की जानकारी
रोड शो के तकनीकी सत्र की शुरुआत एनएमईडीटी के महानिदेशक पंकज गर्ग की प्रस्तुति से हुई। इसमें समग्र लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से जुड़ी योजना की जानकारी दी गई।
इसके बाद संभावित बोलीदाताओं को 8वीं श्रृंखला में नीलामी के लिए पेश किए गए खनिज ब्लॉकों, उनकी संभावनाओं और नीलामी व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
एमईसीएल के एचओडी (अन्वेषण) श्रीकांत शर्मा ने खनिज ब्लॉकों और उनकी संभावनाओं, एसबीआईसीएपीएस के सहायक उपाध्यक्ष प्रतिन शर्मा ने नीलामी प्रक्रिया एवं निविदा दस्तावेज और एमएसटीसी के सहायक प्रबंधक पुष्कर हजेला ने ई-नीलामी प्रक्रिया की जानकारी दी।
ब्लॉक आवंटियों के साथ समीक्षा बैठक
रोड शो के बाद खान मंत्रालय के सचिव केशव चंद्र की अध्यक्षता में खनिज ब्लॉक आवंटियों और पसंदीदा बोलीदाताओं के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक का उद्देश्य आवंटित ब्लॉकों के शीघ्र परिचालन में तेजी लाना था।
बैठक में केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकारियों ने विभिन्न ब्लॉकों की प्रगति की समीक्षा की और प्रमुख चुनौतियों एवं उनके समयबद्ध समाधान पर चर्चा की।
रोड शो और समीक्षा बैठक के माध्यम से सरकार ने खनिज अन्वेषण में तेजी, निवेश एवं निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने और भारत की महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसका उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर और खनिज-सुरक्षित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।



