कोरबा,1 अगस्त 2026
कोरबा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 61, 63, 64, 65 और 66 को करीब 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में 36.58 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 39.38 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
वार्ड 65 भैरोताल में 16.58 लाख रुपये की लागत से शासकीय माध्यमिक शाला के नवीन भवन एवं शौचालय का निर्माण तथा वार्ड 66 पंखादफाई में 20 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर इन्हें आम जनता को समर्पित किया गया।
इसके अलावा दुर्गा मंदिर परिसर में छत एवं कांक्रीट कार्य, खम्हरिया में सांस्कृतिक मंच, कुसमुंडा प्रोजेक्ट में बालक-बालिका शौचालय, वालबाड़ी के अतिरिक्त कक्ष, इमलीछापर परसाभांठा में मंच निर्माण तथा आनंदनगर में मंच एवं शेड निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग, रोजगार, अधोसंरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास को नई गति मिली है और गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से पिछले ढाई वर्षों में लगभग 1,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार निगम की प्राथमिकता है।
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरबा नगर निगम के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के जनआवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत के नेतृत्व में कोरबा लगातार विकास की नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, प्रेम साहू, बहत्तर सिंह कंवर, रामाधार पटेल, जनक सिंह राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



