भानुप्रतापपुर में दर्दनाक हादसा: पाइपलाइन बिछाते समय मजदूर जिंदा मिट्टी में दबा, चार दिन बाद मिला शव
कांकेर,1 अगस्त 2026
कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिंगनझर में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। 30 वर्षीय मजदूर रामदेव आंचला घरेलू कनेक्शन जोड़ने के लिए गड्ढे में काम कर रहा था, तभी दूसरी ओर से मिट्टी भर रहे जेसीबी चालक ने अनजाने में उसी स्थान पर मिट्टी डाल दी, जिससे मजदूर जिंदा ही मिट्टी में दब गया।
घटना के समय अन्य मजदूर 20 से 40 मीटर की दूरी पर काम कर रहे थे, इसलिए किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी। दोपहर में भोजन के समय जब रामदेव नहीं मिला तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले मोबाइल की घंटी गई, लेकिन बाद में फोन बंद हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने भी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
31 जुलाई को पुलिस, ग्रामीणों और सरपंच की मौजूदगी में उसी स्थान पर दोबारा खुदाई कराई गई। करीब 10 मीटर गहराई पर मजदूर का शव बैठी हुई अवस्था में मिला। शव बरामद होते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने जेसीबी चालक के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर चालक को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जेसीबी चालक ने पुलिस को बताया कि वह दूसरी ओर से गड्ढा भरते हुए आगे बढ़ रहा था और उसे यह जानकारी नहीं थी कि अंदर कोई मजदूर काम कर रहा है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को भानुप्रतापपुर जिला अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।



