अंबिकापुर, 31 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। नेशनल हाईवे-43 पर अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग में सीतापुर के सेंट्रल बैंक के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार 70 वर्षीय कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान त्रिलोक चंद गोयल के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी, ट्रेलर ने कुचला

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर के सेंट्रल बैंक के पास कारोबारी की स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर के पहिए के नीचे वे आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि त्रिलोक चंद गोयल निहारिका स्टोर्स नाम से थोक किराना दुकान का संचालन करते थे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

एंबुलेंस नहीं पहुंची, ऑटो से अस्पताल ले जाया गया शव

हादसे के बाद मौके पर करीब आधे घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शव को स्ट्रेचर के सहारे उठाया और करीब 100 मीटर दूर तक लेकर गए। वहां से ऑटो के जरिए शव को अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दौरान एंबुलेंस की अनुपलब्धता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क की हालत काफी जर्जर है। बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई है।

खास बात यह है कि इस सड़क के निर्माण के लिए हादसे से एक दिन पहले ही भूमिपूजन किया गया था।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts