असम, 10 जून 2026

गोलपारा। असम के गोलपारा जिले के एक सरकारी स्कूल में टिफिन में कथित तौर पर बीफ लाने और हिंदू छात्रों को जबरन खिलाने की कोशिश के आरोप के बाद विवाद गहरा गया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक छात्र की मां को गिरफ्तार किया है, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 को कक्षा 9वीं के पांच छात्र अपने टिफिन में कथित तौर पर बीफ लेकर स्कूल पहुंचे थे। आरोप है कि लंच के दौरान उन्होंने अपनी कक्षा के दो हिंदू छात्रों को भी इसे खाने के लिए मजबूर करने की कोशिश की। बाद में छात्रों ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।

परिजनों की शिकायत के बाद FIR

हिंदू छात्रों के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि छात्रों के अभिभावकों ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के उद्देश्य से बच्चों को बीफ देकर स्कूल भेजा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित छात्रों और उनके अभिभावकों से पूछताछ की।

एक छात्र की मां गिरफ्तार

पुलिस ने Assam Cattle Preservation Act के तहत कार्रवाई करते हुए एक छात्र की मां नूर साहिदा बेगम को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

जांच के लिए बनी 10 सदस्यीय समिति

घटना के बाद प्रशासन ने 10 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति यह जांच करेगी कि स्कूल परिसर में बीफ लाने की घटना के संबंध में क्या नियमों का उल्लंघन हुआ और छात्रों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा सकती है।

सांप्रदायिक रंग लेने लगा मामला

गोलपारा जिले में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बन गया है। मामले को लेकर विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

पुलिस और जिला प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts