रायपुर, 23 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के ग्राम पलोद में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित वृक्षारोपण एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह में शामिल होकर रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल और पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्र निर्माण के दो महत्वपूर्ण आधार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी का दावा प्रस्तुत किया है। इसी राष्ट्रीय संकल्प को प्रतीकात्मक रूप से अभिव्यक्त करने के लिए कार्यक्रम में 2036 पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ, हरित और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल वातावरण और आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है, जिससे युवा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं बस्तर ओलंपिक जैसे अभिनव आयोजन ने दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बस्तर ओलंपिक में लाखों युवाओं की भागीदारी प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष बजट प्रावधान किए जा रहे हैं। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानजनक प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है, ताकि वे अधिक आत्मविश्वास के साथ देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा वन विभाग के खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने देश में खेल संस्कृति को नई पहचान दी है।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में अपार प्रतिभा है और सरकार उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सरगुजा ओलंपिक भी युवाओं को नई दिशा प्रदान कर रहा है। साथ ही उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अरुण कुमार पाण्डेय, बीएसएफ के आईजी श्री संजय पंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


