रायगढ़ में बन रहा 91 करोड़ का इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया निरीक्षण

रायगढ़ में बन रहा 91 करोड़ का इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया निरीक्षण

रायगढ़, 19 जून 2026

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के ग्राम लोहरसिंग में निर्माणाधीन इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स स्टेडियम का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रायगढ़ में 91 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 34 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। इस परिसर में फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, स्विमिंग पूल और इनडोर स्टेडियम सहित 18 खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हाल ही में यहां प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टाफ रूम और पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान श्री साव ने लोक निर्माण विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं का नया केंद्र बनेगी।

उप मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सहायक संचालक प्रतिमा सागर को जिले में खेल संघों के गठन और खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष सहयोग प्रदान करने पर भी जोर दिया।

श्री साव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करना है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सर्वसुविधायुक्त इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जिले में खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, रायगढ़ नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह छत्री तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *