रायपुर, 13 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण हुए 24 विकास कार्यों का लोकार्पण किया, वहीं 397 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
143 करोड़ की लागत से 25 सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि मुंगेली जिले में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए लगभग 143 करोड़ रुपये की लागत के 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा। किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 203 करोड़ रुपये से अधिक की जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया। इससे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को बेहतर जल सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं, जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कंतेली में कॉलेज और पंचायत भवन बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका बनाने तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति का सबसे मजबूत माध्यम है। महाविद्यालय भवन बनने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका से आने वाली पीढ़ियों को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी।
15 नवंबर से धान खरीदी, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा भाव
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर 2026 से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।
धान खरीदी को सुगम बनाने के लिए इस वर्ष प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन्हें मिलाकर अब प्रदेश में लगभग 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो और निर्धारित समय पर भुगतान मिले।
कृषक उन्नति योजना से प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को इस सहायता का लाभ लेने के लिए धान की निर्धारित पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं होगा। यदि कोई किसान निर्धारित मात्रा से कम धान बेचता है, तब भी उसे सत्यापित रकबे के आधार पर निर्धारित पात्रता के अनुसार सहायता राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को लाभकारी बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
महतारी वंदन योजना से 68 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में संचालित महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में कुल 21 हजार 340 करोड़ रुपये महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
श्रीरामलला दर्शन योजना से वरिष्ठजनों को मिल रहा लाभ
मुख्यमंत्री ने श्रीरामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के श्रद्धालुओं, विशेषकर वरिष्ठजनों को अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध है। माता कौशल्या की यह पावन धरती भगवान श्रीराम का ननिहाल है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से शिकायतों का होगा समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का अर्थ है आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिले और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है।
नागरिक इस नंबर पर अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों से गांवों तक पहुंचेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे विभिन्न प्रमाण पत्रों और शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इससे ग्रामीण नागरिकों को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए दूरस्थ कार्यालयों तक जाने की जरूरत कम होगी और उनके समय एवं संसाधनों की बचत होगी।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से बिजली बिल में राहत
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र उपभोक्ताओं को घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे बिजली बिल में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में हर जिले की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी पूरा होगा, जब प्रदेश का हर जिला, हर गांव और हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, पेयजल, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले- मुंगेली में विकास की बयार
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुंगेली जिले को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलने पर जिलेवासियों को बधाई दी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुंगेली जिले में विकास की बयार बह रही है। सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है। इससे शहर के विकास और नगरीय सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।
मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने जिले को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि और सामग्री वितरित कर लाभान्वित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।



