रायपुर, 12 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता और अस्मिता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया जाएगा। साथ ही उनके गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।

इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर पूरा देश उनके अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन कर रहा है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की ऐतिहासिक घोषणा की थी।

जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को किया जाएगा याद

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महान जनजातीय वीरों को श्रद्धापूर्वक याद किया जाएगा। इनमें शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गैंदसिंह, वीर गुण्डाधूर, महली भगत, मांझीराम गोंड, राजनाथ भगत, लाल कालिंदर सिंह, कंगला मांझी, तिलका मांझी, वीर सीताराम कंवर, ठाकुर रामप्रसाद पोटाई और रानी दुर्गावती जैसे वीर सेनानियों का योगदान विशेष रूप से स्मरण किया जाएगा।

इन वीर सेनानियों ने देश की आजादी, जनजातीय अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

पीएम-जनमन योजना से बदल रही विशेष पिछड़ी जनजातियों की जिंदगी

आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर 2023 को इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की थी।

यह स्वतंत्र भारत के इतिहास में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास पर केंद्रित सबसे बड़े अभियानों में से एक है। इसके तहत 9 मंत्रालयों की 11 प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

छत्तीसगढ़ की बैगा, पहाड़ी कोरवा, कमार, अबूझमाड़िया और बिरहोर जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश के 1545 गांवों और 2365 बसाहटों में योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

पीएम-जनमन योजना की अब तक की प्रगति

योजना के तहत आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अब तक की प्रगति के प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • पक्का आवास: कुल 34,691 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 24,218 आवास पूरे हो चुके हैं। लगभग 69 प्रतिशत कार्य पूर्ण है।
  • सड़क निर्माण: 2,901 किलोमीटर सड़कें स्वीकृत हुई हैं। इनमें से 1,833 किलोमीटर सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। लगभग 63 प्रतिशत कार्य पूर्ण है।
  • विद्युतीकरण: ऑनग्रिड विद्युतीकरण के तहत 7,349 परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ मिला है। ऑफग्रिड विद्युतीकरण के लिए चयनित 1,490 गांवों में से 940 गांवों में कार्य पूरा हो चुका है।
  • आंगनबाड़ी केंद्र: 191 आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत हैं और सभी 191 केंद्र संचालित हो रहे हैं। इनके लिए स्वीकृत 187 भवनों में से 68 का निर्माण पूरा हो चुका है।
  • शुद्ध पेयजल: 1,425 गांवों में से 510 गांवों में शत-प्रतिशत पेयजल कवरेज पूरा किया जा चुका है।
  • स्वास्थ्य सेवाएं: मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन में 57 वाहन पूरी तरह कार्यरत हैं। इसके तहत स्वास्थ्य सेवाओं का शत-प्रतिशत संचालन किया जा रहा है।
  • वनधन विकास केंद्र: कुल 16 केंद्र स्वीकृत किए गए हैं और सभी का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
  • बहुउद्देशीय केंद्र: 75 केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 51 का निर्माण पूरा हो चुका है। लगभग 68 प्रतिशत कार्य पूर्ण है।
  • छात्रावास: शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 40 छात्रावास स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य प्रगतिरत है।
  • मोबाइल टावर: संचार सुविधा के विस्तार के लिए 135 साइट स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 37 साइटों पर मोबाइल टावर शुरू हो चुके हैं। लगभग 27 प्रतिशत कार्य पूर्ण है।
  • कौशल प्रशिक्षण: युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 1,719 प्रशिक्षण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 849 युवाओं का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। लगभग 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।

बुनियादी सुविधाओं से बेहतर हो रहा जनजातीय परिवारों का जीवन

पीएम-जनमन अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों तक विकास की योजनाएं पहुंच रही हैं। पक्के मकान, स्वच्छ पेयजल, बिजली, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क और मोबाइल संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

सरकार का प्रयास है कि विकास की मुख्यधारा से दूर रहे जनजातीय परिवारों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जाए। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts