रायपुर,9 नवम्बर 2026
राजधानी रायपुर में दीपावली की रात डुमरतराई थोक मार्केट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। 8 नवंबर की देर रात अनाज मंडी स्थित तीन दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इस घटना में दुकानों में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना माना थाना क्षेत्र के अंतर्गत डुमरतराई अनाज मंडी की है। यहां दुकान नंबर B-164, B-165 और B-166 में आग लगी। आग से प्रभावित दुकानों में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेश्वरी शामिल हैं। इन दुकानों में स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी का सामान रखा हुआ था।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। दुकानों से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। इस दौरान दुकानों के अंदर से कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल और SDRF की करीब 10 गाड़ियां मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग, SDRF और निजी प्लांटों की करीब 10 गाड़ियों को लगाया गया। सभी टीमें आग बुझाने के प्रयास में जुटी रहीं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा। वहीं, माना पुलिस घटना की जांच कर रही है। दीपावली की रात हुए इस हादसे से व्यापारियों को भारी नुकसान पहुंचा है।



