जगदलपुर,8 नवम्बर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के पावन अवसर पर लगातार 13वीं बार देश के वीर जवानों के साथ त्योहार मनाया। इस बार उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर को चुना। प्रधानमंत्री करनपुर स्थित CRPF की कोबरा बटालियन कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने जवानों के साथ दिवाली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान जवानों में खासा उत्साह देखने को मिला।

‘बॉर्डर’ के गीत से हुआ PM मोदी का स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी के CRPF कैंप पहुंचते ही जवानों ने फिल्म ‘बॉर्डर’ का मशहूर गीत ‘मैं एक दिन आऊंगा’ गाकर उनका स्वागत किया। गीत की गूंज के बीच प्रधानमंत्री भी जवानों के साथ आत्मीय अंदाज में नजर आए। उन्होंने जवानों को अपने हाथों से काजू कतली खिलाई और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

जवानों को संबोधित कर बोले- आप सभी मेरे परिवार के सदस्य

प्रधानमंत्री मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश और दुनिया के कोने-कोने में करोड़ों भारतीय रोशनी का यह शुभ त्योहार मना रहे हैं। लोग दूर-दूर से अपने घरों में लौट रहे हैं। यह परिवारों और प्रियजनों के एक साथ आने और जश्न मनाने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि मैं भी दिवाली मनाने के लिए आप सबके बीच आया हूं। जो लोग सीमाओं पर और देश के भीतर राष्ट्र की रक्षा करते हैं, राष्ट्र के रक्षक और भारत माता के वीर पुत्र-पुत्रियां हैं, आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं।

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद पहली दिवाली

प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2026 की दिवाली बेहद विशेष है। यह पहली दिवाली है, जब देश नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई जीत चुका है। देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है और करोड़ों देशवासी नक्सलवाद के भय से बाहर आ चुके हैं।

47 साल में पहली बार ड्यूटी के दौरान CRPF के जवान की नहीं गई जान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 47 साल बाद पहली बार ऐसा हुआ है, जब पिछले एक वर्ष में CRPF के एक भी जवान को ड्यूटी के दौरान अपनी जान नहीं गंवानी पड़ी। उन्होंने इसे देश की सही नीतियों और दृढ़ इच्छाशक्ति की जीत बताया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने सेवा भाव से नक्सल प्रभावित इलाकों में लोगों के जीवन को बदला है। यही वजह है कि नक्सलवाद से पीड़ित लोग भी सरकार और सुरक्षाबलों के साथ मजबूती से खड़े हुए हैं। आज एक तरफ 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं, वहीं दूसरी ओर देश में नक्सली हिंसा का भी अंत हुआ है।

CRPF, कोबरा, DRG और बस्तर फाइटर्स के जवानों से की मुलाकात

प्रधानमंत्री ने करनपुर CRPF की कोबरा बटालियन कैंप में CRPF, कोबरा, DRG और बस्तर फाइटर्स के जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके अदम्य साहस, समर्पण और देश के प्रति सेवाभाव की सराहना की।

शहीद जवानों को अर्पित की श्रद्धांजलि

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री ने करीब ढाई घंटे करनपुर कैंप में बिताए। इसके बाद वे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी विमानतल पहुंचे, जहां से रायपुर के लिए रवाना हुए।

PM मोदी से मिलकर खुश हुए जवान

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद CRPF कोबरा के जवानों ने खुशी जाहिर की। एक जवान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर वे काफी खुश हैं। नक्सलवाद के अंत को लेकर प्रधानमंत्री ने सभी जवानों को बधाई दी।

X पर पोस्ट कर दी थी बस्तर आने की जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह 9 बजकर 41 मिनट पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बस्तर आने की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।

इसके बाद प्रधानमंत्री करीब 12 बजे बस्तर पहुंचे और जवानों के साथ दिवाली मनाने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे वापस रवाना हो गए।

प्रधानमंत्री का बस्तर दौरा इसलिए भी खास रहा क्योंकि कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में उन्होंने देश के सुरक्षाबलों के साथ दीपावली मनाकर जवानों के साहस, त्याग और समर्पण का सम्मान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts