कांकेर,5 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। कांकेर जिले में मंगलवार देर रात पुलिस और गांजा तस्करों के बीच करीब 30 किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में पीछा चला। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने की कोशिश की। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। वहीं, पुलिस को चकमा देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने कचरे के ढेर से 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

ओडिशा से आ रही थी गांजे की खेप, पुलिस ने रोकने की कोशिश की

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा की ओर से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही पायलट गाड़ी टाटा वैक्सीन को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।

कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तस्कर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।

कचरे के ढेर में फेंक गए गांजे से भरी बोरियां

पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद दोनों वाहन अलग-अलग रास्तों से भाग निकले।

घटना के बाद केशकाल पुलिस ने वापस लौट रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। वहीं, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की सूचना पर कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची और कचरे के ढेर में लावारिस हालत में पड़ी बोरियां बरामद कीं।

जांच के दौरान बोरियों से 400 किलो से अधिक गांजा मिला। इसकी बाजार कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।

तस्करी के लिए पुराने रास्तों का कर रहे इस्तेमाल

बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले गांजा तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने रास्तों का इस्तेमाल नए कॉरिडोर के रूप में कर रहे हैं।

गौरतलब है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही बड़ी बरामदगी से इलाके में सक्रिय गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें

कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों से जुड़े सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं।

फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश और करोड़ों रुपये के गांजे की बरामदगी ने जिले में नशे के अवैध कारोबार की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts