बलौदाबाजार,6 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना नेहरू चौक क्षेत्र की है। यहां एक घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है, जो मकान से महज पांच फीट की दूरी पर बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता सबसे पहले बिजली तार की चपेट में आए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आ गए।
इस हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घर के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। त्योहार के दिन हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।



