रायपुर, 04 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर शहर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर शहरवासियों को बड़ी सौगात दी। शहर के मध्य में निर्मित यह सर्वसुविधायुक्त भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास को लगातार प्राथमिकता दे रही है। सामुदायिक भवनों का निर्माण केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम भी है।

मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर शहर के बीचों-बीच इस सामुदायिक भवन के निर्माण से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ सहित विभिन्न पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को महंगे निजी स्थलों और टेंट आदि पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।

इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें अपने आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। सर्वसुविधायुक्त भवन शहरवासियों के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में उपयोगी साबित होगा।

हर वर्ग तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना विकसित की जा रही है। सामुदायिक भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

लोकार्पण कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, श्री कृष्णा राय, श्री अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य श्री गेंद बिहारी, श्री सुनील गुप्ता, श्री भरत सिंह, सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts