रायपुर, 02 नवंबर 2026
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) की महापरिषद की 93वीं बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि के रूप में हिस्सा लिया।
बैठक का उद्देश्य सहकार से समृद्धि की परिकल्पना को धरातल पर उतारना और देश में सहकारिता आंदोलन को नई गति प्रदान करना रहा। इसमें देशभर के सहकारी क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पिछले पांच वर्षों में NCDC ने हासिल किए नए आयाम
बैठक के दौरान मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने सहकारिता क्षेत्र में हुए बदलावों और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की उपलब्धियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) की स्थापना वर्ष 1963 में हुई थी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों के दौरान संस्था ने अभूतपूर्व प्रगति की है और सफलता के कई नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने में NCDC की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संस्था के माध्यम से सहकारी संस्थाओं को आगे बढ़ाने और उनकी कार्यक्षमता में सुधार लाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
शशिकांत द्विवेदी ने बैठक में छत्तीसगढ़ में सहकारिता के माध्यम से किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी समितियों को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और विभिन्न पहलों को भी रेखांकित किया।
उन्होंने सहकार से समृद्धि के विजन को आगे बढ़ाने और सहकारी संस्थाओं की वित्तीय एवं ढांचागत क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सहकारी ढांचे को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
बैठक में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम बनाने, उनकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और सहकारिता आंदोलन को व्यापक स्तर पर मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
इस उच्चस्तरीय बैठक में देशभर के प्रतिनिधियों की भागीदारी से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में सहकारी ढांचे को अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में सहयोग मिलने की उम्मीद जताई गई।



