रायपुर, 1 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी आगंतुकों के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। ‘नव निर्माण के 26 वर्ष एवं विकास पथ पर अग्रसर छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में प्रदेश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों, समृद्ध संस्कृति और औद्योगिक प्रगति को आकर्षक झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी में ‘सुशासन से समृद्धि’, ‘निवेश से औद्योगिक प्रगति’, ‘समृद्ध संस्कृति’ और ‘परिवर्तन का गढ़’ जैसे विषयों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर दिखाई गई है। एलईडी स्क्रीन के जरिए शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। यहां पहुंच रहे युवा, बच्चे, महिलाएं, किसान और अन्य वर्गों के लोग योजनाओं से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं।

बस्तर में बदलाव और विकास की गाथा का प्रदर्शन

प्रदर्शनी में नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में आए बदलाव को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर में विकास और सुशासन से जुड़ी गतिविधियों को एलईडी के माध्यम से दिखाया गया है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आए बदलाव की गाथा प्रस्तुत की गई है।

चलित रोबोट बना बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केन्द्र

जनसम्पर्क विभाग की प्रदर्शनी में चलित मनोरंजक रोबोट भी आगंतुकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। आदिवासी संस्कृति को अभिव्यक्त करता यह रोबोट बच्चों और युवाओं को खूब पसंद आ रहा है। बच्चे रोबोट से हाथ मिलाते और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ जनमन किताब और शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित ब्रोशर का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है।

डिजिटल एलईडी बच्चों के लिए बेहद उपयोगी : रीतिका साहू

राज्योत्सव मैदान में जनसम्पर्क विभाग के डिजिटल एलईडी और ई-कॉर्नर में पहले दिन से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। रायपुर निवासी श्रीमती रीतिका साहू अपने सात वर्षीय बेटे वीरांश के साथ प्रदर्शनी देखने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि डिजिटल एलईडी स्क्रीन उन्हें और उनके बेटे को काफी पसंद आई।

रीतिका साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ से संबंधित सामान्य ज्ञान क्विज बच्चों के लिए बेहद उपयोगी है। इसके माध्यम से बच्चे प्रदेश की संस्कृति, सभ्यता और विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने रोबोट की भी सराहना की और बेटे के साथ तस्वीर खिंचवाई।

इसी तरह रायपुर के श्री सुलभ सौरभ, अनिल रामटेके और ग्राम परसदा (राजिम) के श्री टिकेश्वर निषाद ने भी डिजिटल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक के माध्यम से शासन की विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार की सराहना की। आगंतुकों ने ई-कॉर्नर में ‘सुशासन से समृद्धि’ पर आधारित प्रदर्शनी को प्रदेश के विकास की झलक बताया।

सुशासन से समृद्धि और निवेश से औद्योगिक प्रगति की जानकारी

प्रदर्शनी में सुशासन और औद्योगिक विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। इसमें बताया गया है कि सेवा सेतु पर 942 सरकारी सेवाएं घर बैठे एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। वहीं छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 740 से अधिक सरकारी सेवाओं को कानूनी अधिकार के रूप में उपलब्ध कराया गया है।

इसके अलावा सुशासन तिहार में 50 लाख आवेदन निराकृत किए जाने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। औद्योगिक और तकनीकी विकास के अंतर्गत नवा रायपुर में आकार ले रहे प्रदेश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क, दूसरे सेमीकंडक्टर यूनिट के निर्माण और सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध 187 सेवाओं की जानकारी भी दी गई है।

समृद्ध संस्कृति और पर्यटन का गढ़ छत्तीसगढ़

फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसमें 600 साल पुराने और 75 दिनों तक चलने वाले विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा, 52 शक्तिपीठों में शामिल दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर और धान की 23 हजार से अधिक किस्मों के लिए प्रसिद्ध धान के कटोरे छत्तीसगढ़ की विशेषताओं को बताया गया है।

इसके साथ ही 300 मीटर चौड़े चित्रकोट जलप्रपात को भारत का नियाग्रा और प्रदेश के 44 प्रतिशत वनक्षेत्र को छत्तीसगढ़ की हरित पहचान के रूप में प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, लोक परंपराओं और पर्यटन की संभावनाओं से भी परिचित कराया जा रहा है।

जनसम्पर्क विभाग की यह फोटो प्रदर्शनी राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं, सांस्कृतिक विरासत और तकनीकी नवाचारों को एक ही मंच पर प्रस्तुत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts