रायपुर,25 अक्टूबर 2026

भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी रविवार को पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं। उनके दो दिवसीय दौरे को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रायपुर एयरपोर्ट पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी उनसे मुलाकात की।

एयरपोर्ट पर वरिष्ठ नेताओं ने किया स्वागत

रायपुर एयरपोर्ट पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने स्मृति ईरानी का स्वागत किया। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं। यहां पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ उनकी मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया है। उनके दौरे के दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर बैठकें भी प्रस्तावित हैं।

पोस्टर-बैनर की जगह लगाए गए भाजपा के झंडे

स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए राजधानी रायपुर में इस बार एक अलग नजारा देखने को मिला। होर्डिंग और पोस्टर-बैनर नहीं लगाने के निर्देश के बाद शहर में जगह-जगह भाजपा के झंडे लगाए गए हैं। पार्टी के किसी बड़े नेता के आगमन पर आमतौर पर पोस्टर-बैनर से सजावट की जाती है, लेकिन इस बार स्वागत का तरीका अलग नजर आया।

इसके अलावा, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से प्रस्तावित बाइक रैली को भी देर रात रद्द कर दिया गया।

बृजमोहन अग्रवाल बोले- पार्टी और मजबूत होगी

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्मृति ईरानी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन और सरकार मिलकर बेहतर तरीके से काम करेंगे।

पोस्टर-बैनर नहीं लगाए जाने के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के स्वागत में इस तरह की प्रतिस्पर्धा में उलझने के बजाय कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाले नेताओं के पोस्टर लगाने से ज्यादा जरूरी संगठन के लिए काम करना है।

लक्ष्मी वर्मा ने भी जताया उत्साह

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि स्मृति ईरानी रायपुर पहुंच गई हैं और उनके दौरे के दौरान कई बैठकें होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भाजपा के कार्यकर्ता और मजबूती से काम करेंगे।

स्मृति ईरानी का यह दो दिवसीय दौरा छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन को मजबूत करने और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts