रायपुर, 14 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होगा। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी और सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
महिला दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश का सुझाव
मुख्यमंत्री साय ने इस ऐतिहासिक मुकाबले में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखने का सुझाव दिया। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के इस सुझाव पर सहमति जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन प्रदेश की खेल यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। देश और दुनिया की श्रेष्ठ महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की धरती पर खेलते देखना प्रदेश की बेटियों और युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी अनुभव होगा।
बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बेटियों का यह विश्वास मजबूत होगा कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलने पर वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश तथा देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। हमारी बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। ऐसे में अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं का स्टेडियम पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का मुकाबला देखना प्रेरणा का माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बेटियां अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा के साथ मैदान पर खेलते देखेंगी, तो उनमें भी खेलों को अपने भविष्य और करियर के रूप में अपनाने का उत्साह बढ़ेगा।
छत्तीसगढ़ को स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य केवल अच्छे खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना है, जिसमें बच्चों और युवाओं को परिवार तथा समाज से भी प्रोत्साहन मिले।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों, कस्बों, आदिवासी और दूरस्थ अंचलों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। सरकार का प्रयास है कि इन खिलाड़ियों को बेहतर खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों और श्रेष्ठ खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। इससे प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण मजबूत होगा।
महिला क्रिकेट को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाला यह मुकाबला छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता को नई ऊंचाई देगा। इससे प्रदेश की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और भविष्य में छत्तीसगढ़ की अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना सकेंगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तेजी से अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। बेहतर खेल सुविधाएं और युवाओं का बढ़ता उत्साह प्रदेश को देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल करने का आधार बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी सद्भाव का भी माध्यम हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों और खेलप्रेमियों से इस ऐतिहासिक मुकाबले को उत्सव की तरह मनाने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, डायरेक्टर विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जी.एस. मूर्ति, विनय बजाज सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



