रायपुर, 21 सितंबर 2026

गणेशोत्सव और आगामी झांकी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पश्चिम क्षेत्र पुलिस द्वारा एक सप्ताह तक चलाए गए अभियान में 181 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान नशे के कारोबार, अवैध शराब बिक्री, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने 210 नशीली टैबलेट, 77 नशीले सिरप और 15.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसके साथ ही अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

13 चाकूबाजों पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई

पुलिस ने चाकूबाजी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए 13 मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और चाकू जब्त किए।

वहीं, एनडीपीएस एक्ट के तहत 4 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में 6 आरोपियों के कब्जे से 210 नशीली टैबलेट, 77 नशीले सिरप और 15.500 किलो गांजा बरामद किया गया।

अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई

अवैध शराब बिक्री के मामलों में पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत 18 प्रकरण दर्ज किए और कुल 51.16 बल्क लीटर शराब जब्त की। अभियान के दौरान पुलिस ने 40 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 104 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पश्चिम क्षेत्र के 9 थाना क्षेत्रों में चला अभियान

अभियान के तहत पश्चिम क्षेत्र के 9 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में वारंटों की तामिली के साथ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में कार्रवाई हुई। टिकरापारा में आबकारी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

मुजगहन थाना क्षेत्र में 15.500 किलो गांजा जब्त किया गया, जबकि पुरानी बस्ती और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में वारंटों की तामिली तथा आबकारी एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

आमानाका थाना क्षेत्र में चार मामलों में चाकू जब्त किए गए। आजाद चौक थाना क्षेत्र में 100 नशीली टैबलेट बरामद हुईं। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में 77 नशीले सिरप जब्त किए गए। कबीर नगर थाना क्षेत्र में भी आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई

गणेशोत्सव और झांकी कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी बढ़ा दी है। गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, चाकूबाजी, नशे और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts