रायपुर, 10 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी का शिलान्यास किया। यह केंद्र प्रदेश के युवाओं को अपने नए विचारों को तकनीकी समाधान और सफल स्टार्टअप में बदलने का अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जहां युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए दूसरे महानगरों की ओर नहीं जाना पड़े, बल्कि वे छत्तीसगढ़ में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति, तकनीक और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और संभावनाओं को साकार करने का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को अनुसंधान, तकनीकी समाधान, प्रोटोटाइप निर्माण और व्यावसायिक उद्यम विकसित करने की सुविधाएं मिलेंगी।

रामदेव अग्रवाल की पहल को मुख्यमंत्री ने बताया प्रेरणादायी

मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ के प्रख्यात उद्यमी श्री रामदेव अग्रवाल का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रामदेव अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दूरदर्शिता के बल पर देश के उद्योग एवं वित्तीय जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है। अपनी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना का संकल्प लेकर उन्होंने मातृभक्ति, कृतज्ञता और समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में विद्यादान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। शिक्षा व्यक्ति को जीवनभर आत्मनिर्भर बनने की शक्ति प्रदान करती है। छत्तीसगढ़ में दाऊ कल्याण सिंह और सेठ किरोड़ीमल जैसे दानवीरों ने समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रामदेव अग्रवाल का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।

उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के लिए मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान दिया जा रहा है।

विद्यार्थियों के नवाचारों का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने NIT रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विभिन्न स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके नवाचारों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली।

विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों एवं धातुओं में खराबी की पहचान और हेलमेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब वह आम लोगों के जीवन को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाए। उन्होंने युवाओं से अपने नवाचारों को केवल शैक्षणिक परियोजनाओं तक सीमित न रखकर सफल स्टार्टअप और उद्यमों में बदलने का आह्वान किया।

सेमीकंडक्टर, AI और डेटा सेंटर के क्षेत्र में बढ़ेंगे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज संपदा और पारंपरिक उद्योगों के साथ उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना की दिशा में काम हो रहा है और AI डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है।

नवा रायपुर में आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश के अनुकूल वातावरण के माध्यम से भविष्य के उद्योगों के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि NIT रायपुर, IIT भिलाई, IIM रायपुर और IIIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमता को उद्योगों और उद्यमिता से जोड़कर विकास की नई संभावनाएं पैदा की जा सकती हैं।

स्टार्टअप एवं निपुण मिशन और AI मिशन के लिए 500-500 करोड़

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन, पूंजी और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र और नई प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाएं स्थापित करने की पहल भी की जा रही है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री AI मिशन के लिए भी 500 करोड़ रुपए के निवेश का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत 100 AI डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी विकास के अवसर केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं तक भी आधुनिक शिक्षा, तकनीक और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनना होगा

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। जब कोई युवा अपना उद्यम स्थापित करता है, तो वह केवल अपना भविष्य नहीं संवारता, बल्कि अनेक परिवारों की आजीविका और समृद्धि का आधार भी बनता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि अर्जित ज्ञान और कौशल से समाज के लिए उपयोगी समाधान विकसित करना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सेंटर आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से सुसज्जित होगा सेंटर

NIT रायपुर परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले इस भवन में उभरती प्रौद्योगिकियों की सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।

इनमें शामिल हैं:

  1. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग लैब
  2. रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन लैब
  3. डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग लैब
  4. ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा लैब
  5. थ्री-डी प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग लैब
  6. AR-VR एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स लैब
  7. क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी लैब

केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एवं को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र, एम्फीथिएटर और आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

यहां नवोदित उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप विकसित करने की सुविधा और निवेशकों, बैंकों तथा शासकीय योजनाओं से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और ITI के विद्यार्थियों के साथ कार्यरत पेशेवर भी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए रामदेव अग्रवाल, मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन, NIT रायपुर के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे, निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव और संस्थान की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, तकनीक और उद्यमिता का यह संगम विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts