रायपुर, 17 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को लगातार नई ऊर्जा और दिशा देता रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री द्वारा उनके आलेख के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, विशेषकर बस्तर में आए बदलाव और विकसित भारत के निर्माण में प्रदेश की भूमिका को रेखांकित किए जाने पर आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को सदैव मिलता रहा है। उनके विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए छत्तीसगढ़ पूरी प्रतिबद्धता के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है और राष्ट्र की प्रगति में अपना सशक्त योगदान देता रहेगा।

PMO ने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और बस्तर के बदलाव को किया रेखांकित

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आलेख को साझा करते हुए छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और विशेष रूप से बस्तर में आए परिवर्तन को रेखांकित किया है।

PMO की ओर से कहा गया कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा इस बात का उदाहरण है कि देश की प्रगति केवल महानगरों और बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। बस्तर में आया बदलाव इसका उदाहरण है और यह दर्शाता है कि विकास की मुख्यधारा से जुड़कर जनजातीय समाज भी आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री साय के आलेख का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की भूमिका को विस्तार से रेखांकित किया गया है।

गुजरात से विकसित भारत तक की यात्रा का उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने अपने आलेख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ते हुए गुजरात के पुनर्निर्माण से लेकर विकसित भारत के व्यापक लक्ष्य तक की यात्रा का उल्लेख किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास की अवधारणा गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और जनजातीय समाज की आकांक्षाओं से जुड़ी है।

बस्तर में विकास और नई संभावनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने आलेख में छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर में हो रहे बदलाव का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से जूझने वाला बस्तर अब शांति, विकास, पर्यटन और नई संभावनाओं की ओर आगे बढ़ रहा है।

आलेख के अनुसार सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ जनजातीय अंचल भी विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ रहे हैं।

विकसित भारत में छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी का संकल्प

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और कर्मयोग ने भारत को नया आत्मविश्वास दिया है और अब देश के सामने विकसित भारत का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय संकल्प में छत्तीसगढ़ अपनी मेहनत, प्राकृतिक संसाधनों और प्रतिभा के बल पर मजबूत भागीदार की भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव से शहर तक ऐसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाना छत्तीसगढ़ का संकल्प है, जिसमें समृद्धि के साथ संस्कृति, आधुनिकता के साथ परंपरा और प्रगति के साथ प्रकृति का संतुलन बना रहे।

उन्होंने यह संकल्प भी व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में पूरी शक्ति और सामर्थ्य के साथ योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के बीते 25 वर्ष सेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं तथा आने वाला समय विकसित भारत और समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts