रायपुर, 17 सितंबर 2026
नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग, छत्तीसगढ़ के कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति की अहम बैठक आयोजित हुई। 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन के तहत हुई बैठक में स्थानीय निकाय चुनावों को अधिक सुगम, पारदर्शी, निष्पक्ष, तकनीक-सक्षम और समयबद्ध बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में स्थायी समिति द्वारा गठित तीन उप-समितियों के कामकाज की प्रगति की समीक्षा की गई। राज्यों में लागू तकनीकी पहलों और ऑनलाइन व्यवस्थाओं को साझा करने पर जोर दिया गया, ताकि दूसरे राज्य भी इन व्यवस्थाओं को अपनाकर चुनावी प्रक्रिया को बेहतर बना सकें।
EVM प्रबंधन और चुनावी डेटाबेस पर चर्चा
बैठक में जरूरत पड़ने पर राज्यों के बीच ईवीएम साझा करने के लिए ‘ईवीएम प्रबंधन प्रणाली सॉफ्टवेयर’ तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ। इस सॉफ्टवेयर की जिम्मेदारी बिहार राज्य निर्वाचन आयोग संभाल रहा है। इसके अलावा चुनावों के सफल संचालन के लिए अपनाई गई बेस्ट प्रैक्टिसेज के आदान-प्रदान और समय पर चुनाव कराने में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों के समाधान पर भी चर्चा हुई।
राज्यों के बीच चुनावी डेटाबेस साझा करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। यह सुझाव गुजरात और महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से दिया गया था। वहीं जरूरत के समय राज्यों को M-3 मॉडल EVM उपलब्ध कराने और साझा उपयोग की व्यवस्था पर सहमति बनी। इसका प्रस्ताव पश्चिम बंगाल राज्य निर्वाचन आयोग ने रखा था।
बैठक में अन्य राज्यों की चुनावी व्यवस्थाओं और नवाचारों को समझने के लिए चुनाव कार्यक्रमों की जानकारी साझा करने तथा अध्ययन दौरों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
पुणे में संभावित राष्ट्रीय सम्मेलन
राज्य निर्वाचन आयुक्तों के ‘कोऑपरेटिव फेडरलिज्म और मल्टीलेवल गवर्नेंस’ विषय पर होने वाले आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए पुणे को संभावित स्थल तय किया गया। इस दौरान नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार ने नवा रायपुर के विकास और आधुनिक स्वरूप पर प्रस्तुति दी।
नवीन विधानसभा भवन और नवा रायपुर का भ्रमण
बैठक के बाद विभिन्न राज्यों के निर्वाचन आयुक्तों ने सपरिवार नवा रायपुर के सेक्टर-19 स्थित छत्तीसगढ़ के नवीन विधानसभा भवन का भ्रमण किया। उन्होंने सदन के भीतर जाकर विधायी कामकाज और सदन संचालन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 1 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण किया था। निर्वाचन आयुक्तों ने नवा रायपुर के प्रमुख सेक्टरों का भी जायजा लिया और यहां विकसित हो रही शिक्षा, स्वास्थ्य और नई तकनीक से जुड़ी सुविधाओं को देखा।
डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम में देखी जनजातीय संघर्षों की गाथा
भ्रमण के अंतिम चरण में निर्वाचन आयुक्तों ने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह-जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का सपरिवार अवलोकन किया। इसे देश का पहला डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम बताया गया है।
संग्रहालय के 14 अलग-अलग सेक्टरों में डिजिटल तकनीक और स्क्रीन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक आदिवासी आंदोलनों और स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं को प्रदर्शित किया गया है।
आयुक्तों ने हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, भोपालपट्टनम, परलकोट, तारापुर, लिंगागिरी, कोई, मेरिया, मुरिया, रानी चौरिस, भूमकाल, सोनाखान विद्रोह, झंडा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह जैसी ऐतिहासिक घटनाओं की प्रस्तुतियां देखीं।
इसके बाद उन्होंने ट्राइबल म्यूजियम में आयोजित संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।



