रायपुर, 16 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे जिले में करीब 10 लाख दीप एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे।

जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 7 बजे किया जाएगा। यहां 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल भी दीपों से होंगे रोशन

अभियान के तहत बिलासपुर जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को भी दीपों से सजाया जाएगा। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

इसके साथ ही जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप जलाए जाएंगे। इन पंचायतों में प्रत्येक घर को ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान से जोड़ने की तैयारी की गई है।

जनपद पंचायत बिल्हा के बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदा भ., सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी और देवकिरारी में घर-घर दीप जलेंगे।

जनपद पंचायत कोटा के नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार और अमने में भी प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

इसी तरह मस्तुरी विकासखंड के दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा और गोपालपुर तथा तखतपुर विकासखंड के लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना और खजुरीनवागांव में भी प्रत्येक घर में दीप जलाए जाएंगे।

इसके अलावा हर गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की व्यवस्था की गई है।

सरकारी भवनों और हितग्राहियों के घरों में भी जलेंगे दीप

अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे। वहीं महिला स्वसहायता समूहों की दीदियां अलग-अलग स्थानों पर आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रमों में सहयोग करेंगी।

बांध, बैराज और नहर शीर्ष भी होंगे रोशन

जल जन सेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस तरह शहरों से लेकर गांवों तक और धार्मिक स्थलों से लेकर जल संरचनाओं तक ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान का आयोजन किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल सेवा, आभार, जनभागीदारी और सकारात्मकता का संदेश देने के उद्देश्य से की जा रही है। जिले में करीब 10 लाख दीपों के सामूहिक प्रज्वलन से 17 सितंबर की शाम बिलासपुर रोशनी से जगमगाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts