रायपुर, 16 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी।

बेमेतरा जिला मुख्यालय में भद्रकाली माता मंदिर परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ का मुख्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

भद्रकाली मंदिर में जलेंगे 5 हजार दीप

बेमेतरा जिला प्रशासन की ओर से भद्रकाली माता मंदिर परिसर में 5 हजार दीयों के भव्य दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी की गई है। इसके साथ ही जिलेभर में बड़े स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिले की सभी 336 ग्राम पंचायतों, सभी शासकीय भवनों, अमृत सरोवरों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और नगरीय निकायों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

27 ग्राम पंचायतों के हर घर में जलेगा दीया

अभियान के तहत जिले की चिन्हांकित 27 ग्राम पंचायतों के प्रत्येक घर में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार बेमेतरा जिले में कुल 6 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने इस आयोजन को जनभागीदारी का उत्सव बनाने के लिए जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जिलेवासियों से कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों से अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts