रायपुर, 16 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के माध्यम से प्रदेशभर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं और सेवा, समर्पण, आभार एवं सकारात्मकता के सामूहिक संकल्प में सहभागी बनें।
सेवा और समर्पण के 25 वर्ष, जनभागीदारी का संकल्प
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, सद्भाव, सकारात्मकता और सेवा भावना का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से परिवार और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया जा सकता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि इस पहल को केवल दीप जलाने तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जरूरतमंद की सहायता, बुजुर्गों के सम्मान, बच्चों के प्रति संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण अथवा समाज के लिए किसी सकारात्मक योगदान के संकल्प से जोड़ें।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य सेवा और समर्पण की भावना को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना तथा नागरिकों को अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार जनकल्याण के कार्यों में सहभागी बनाना है।
मंत्री ने कहा कि एक दीपक का प्रकाश छोटा हो सकता है, लेकिन लाखों दीप एक साथ जलने पर सामूहिक ऊर्जा और एकता का संदेश देते हैं। इसी भावना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल में प्रदेश के प्रत्येक परिवार की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
विभिन्न गतिविधियों से जुड़ेगा समाज का हर वर्ग
अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के माध्यम से बच्चों और विद्यार्थियों को चित्र एवं भाषण के जरिए अपने सपनों के भारत की कल्पना व्यक्त करने का अवसर मिलेगा। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के जरिए संगीत, नाटक और स्थानीय कला के माध्यम से सेवा एवं सामाजिक बदलाव की कहानियां सामने लाई जाएंगी।
इसके अलावा ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा संकल्प यात्रा’ और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ जैसी पहलें भी आयोजित की जाएंगी। ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
हर परिवार बने सेवा संकल्प का सहभागी
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ किसी एक व्यक्ति, संस्था या विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी सफलता नागरिकों की सहभागिता पर निर्भर करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं और परिवार के साथ सेवा का एक संकल्प भी लें।
यह संकल्प किसी जरूरतमंद की सहायता, बुजुर्ग का सम्मान, बच्चे की शिक्षा में सहयोग, पौधरोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता अथवा समाज के लिए अपनी क्षमता के अनुसार किसी अन्य सकारात्मक कार्य का हो सकता है।
मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर की शाम प्रज्ज्वलित होने वाला प्रत्येक ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, आभार, आशा और सकारात्मकता का प्रतीक बने। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान की विभिन्न गतिविधियों में अपनी सुविधानुसार सहभागी बनने और सेवा को जीवन का संस्कार बनाने का आह्वान किया।

