रायपुर, 27 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का क्षेत्र की बहनों ने आत्मीय स्वागत किया और उनकी कलाई पर राखी बांधी।

बहनों के स्नेह से अभिभूत मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद किया, उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि सम्मान, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का भी पर्व है।

उन्होंने कहा, “आपने मुझे जो स्नेह और विश्वास दिया है, उसे बनाए रखना मेरा दायित्व है। मेरा फर्ज है कि आपका और क्षेत्र की जनता का सिर हमेशा ऊंचा रहे तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं-बहनों का सम्मान, सशक्तिकरण और खुशहाली परिवार और समाज की मजबूती का आधार है। महिलाओं के सशक्त होने से ही मजबूत परिवार और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।

केरसई को मिली विकास की कई सौगातें

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों को स्वीकार करते हुए कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। उन्होंने घासीमुंडा में जर्जर प्राथमिक शाला के स्थान पर नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण, केरसई में मिनी स्टेडियम, केरसई और घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों का जीर्णोद्धार तथा मुख्य मार्ग से अरुण के घर तक सीसी सड़क बनाने की घोषणा की।

इसके अलावा ग्राम पंचायत कोहपानी के गढ़वामुड़ा यादव बस्ती में सामुदायिक भवन, घासीमुंडा में सामुदायिक भवन और ग्राम ऊपरकछार में महतारी सदन बनाने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने केरसई में लगभग 84.69 लाख रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और सामुदायिक भवन जैसी आवश्यक अधोसंरचनाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार की नीतियों के केंद्र में महिलाओं का सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग अपनी जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई तथा आजीविका गतिविधियों में कर रही हैं।

उन्होंने ड्रोन दीदियों का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं आधुनिक तकनीक से जुड़कर आय के नए अवसर प्राप्त कर रही हैं। जशपुर जिले की बहनों को 50 ई-रिक्शा दिए जाने से स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई राह खुलेगी।

किसान, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पात्र परिवार को आवास जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से ऐसे लोगों को धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है, जो आर्थिक कारणों से वहां नहीं जा पाते थे।

नक्सलवाद के प्रभाव में कमी से विकास को मिली गति

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास का नया वातावरण बना है। अब ऐसे क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, राशन और दूरसंचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर सरकार लगातार काम कर रही है और गांव, गरीब, किसान, महिला तथा युवा सहित सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे इस माध्यम से दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना का लाभ लेने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सौर पैनल लगवाने का भी आग्रह किया।

जशपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज के साथ एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जशपुर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे क्षेत्रों में न जाना पड़े और जिले में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।

‘विष्णु भैया’ के रूप में मिला बहनों का स्नेह

पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज प्रदेश की बहनों के लिए ‘विष्णु भैया’ हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद बहनों के बीच पहुंचकर राखी बंधवा रहे हैं और उनसे आत्मीय संवाद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं और जशपुर विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत बालिका आयुषी को पासबुक प्रदान की गई।

वहीं स्वामित्व योजना के तहत कौशल्या पैंकरा, कमला बाई, लालो, ज्योति बाई और सुमेत्रा खैरवार को आवासीय पट्टे वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपए का चेक भी प्रदान किया और समूह की महिलाओं से संवाद कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts