रायपुर,19 अगस्त 2026
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सोनमणि बोरा (भा.प्र.से.-1999) ने बुधवार को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन का कार्यभार ग्रहण किया। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत उन्हें इस पद पर पदस्थ किया गया है।
कार्यभार संभालने के बाद श्री बोरा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए विभागीय गतिविधियों और वर्तमान कार्यों से उन्हें अवगत कराया।
इस अवसर पर विभाग के संचालक रिमिजियुस एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, उप सचिव भागवत जायसवाल, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी, उप संचालक अरुण साहू, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि तथा अधीक्षण अभियंता रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर के विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
श्री बोरा के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है। राज्य गठन के बाद रायपुर को राजधानी के रूप में विकसित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे रायपुर नगर पालिक निगम, आरडीए और बीडीए के आयुक्त एवं सीईओ के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
उनके प्रशासनिक कार्यकाल में रायपुर और बिलासपुर के नगरीय विकास के साथ-साथ कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली और अन्य जिलों के विकास से जुड़े कार्यों में भी योगदान रहा।
सफाई और तालाबों के संवर्धन पर रहा जोर
रायपुर में उनके कार्यकाल के दौरान सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब सहित अन्य तालाबों के संवर्धन, विकास और पुनरोद्धार जैसे कार्य किए गए। रायपुर के महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए स्थान निर्धारित कर कार्य प्रारंभ कराया गया।
इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों में विद्यालयों का कायाकल्प कराया गया। रायपुर नगर निगम में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन को ऑनलाइन किया गया तथा लेखा संबंधी कार्यों को मैनुअल व्यवस्था से सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली में परिवर्तित किया गया।
संचालन-संधारण यानी ओ एंड एम कार्यों को प्रिवेंटिव कार्यों के रूप में शामिल कराने की पहल भी उनकी प्रमुख उपलब्धियों में रही।
जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रमुख सचिव का कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री बोरा ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि जनता से जुड़े विभागीय कार्यक्रमों और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उनके कार्यभार संभालने के साथ नगरीय विकास से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।



