रायपुर, 10 अगस्त 2026

तिरंगे के रंग में रंगा रायपुर, हजारों नागरिक हुए शामिल

राजधानी रायपुर में सोमवार को राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिक शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे, भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के गीतों से पूरा यात्रा मार्ग राष्ट्रप्रेम से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वयं हाथ में तिरंगा थामकर जनसैलाब के साथ कदम से कदम मिलाते हुए यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, पूर्व सैनिक और विभिन्न सामाजिक वर्गों के नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा हाथों में थामा गया करीब एक किलोमीटर लंबा तिरंगा आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।

तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधता है : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और असंख्य बलिदानों का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि तिरंगे में देश के 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधने की अद्भुत शक्ति है। अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और क्षेत्रों की विविधता के बावजूद तिरंगा सभी को भारतीय होने के साझा गौरव से जोड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा लहराते ही प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव और सम्मान का भाव जागृत होता है। राष्ट्रीय ध्वज स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और एक सशक्त राष्ट्र के रूप में भारत की यात्रा का साक्षी है।

हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने तिरंगे को घर-घर तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत किया है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में सम्मान और गौरव के साथ तिरंगा फहराने तथा तिरंगा यात्राओं से जुड़कर राष्ट्रीय एकता के इस उत्सव को और भव्य बनाने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों की शौर्यगाथा का स्मरण

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों के योगदान को याद किया। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह और बस्तर के जननायक गुण्डाधुर का विशेष रूप से स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर नारायण सिंह ने गरीबों और जरूरतमंदों के हित में आवाज उठाई तथा अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। वहीं गुण्डाधुर ने विदेशी शासन के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर संघर्ष का बिगुल फूंका।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के इन महानायकों सहित अनेक ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष प्रदेश के गौरवशाली इतिहास का अभिन्न हिस्सा है। उनकी शौर्यगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बदलते बस्तर में शांति और विकास के साथ लहराएगा तिरंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर हिंसा और भय के लंबे दौर को पीछे छोड़कर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस और क्षेत्रवासियों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में पहुंची है।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सली हिंसा के कारण भय का वातावरण था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। लोगों का शासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते बस्तर की पहचान अब हिंसा से नहीं, बल्कि शांति, विकास, विश्वास और नई संभावनाओं से बन रही है। इस वर्ष बस्तर में भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा और दूरस्थ गांवों में भी तिरंगा पूरे गौरव के साथ लहराएगा।

एक किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ आगे बढ़ी नई पीढ़ी

तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं का उत्साह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने करीब एक किलोमीटर लंबे तिरंगे को हाथों में थामकर अनुशासित पंक्तियों में यात्रा की।

सड़क पर दूर तक फैला विशाल तिरंगा राजधानी में राष्ट्रीय एकता और गौरव की अनुपम छटा बिखेरता नजर आया। यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और पूर्व सैनिकों सहित समाज के विभिन्न वर्गों ने हिस्सा लिया।

पुष्पवर्षा और जयघोष से गूंजा रायपुर

तिरंगा यात्रा के मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों से तिरंगा लहराकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते नजर आए।

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे जयघोष से पूरा रायपुर गूंज उठा। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक चारों ओर तिरंगा ही तिरंगा नजर आया।

तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ के आह्वान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना जन-जन तक पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि यह उन स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण देश को स्वतंत्रता मिली।

तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति : विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से उत्साहपूर्वक जुड़ने का आह्वान किया।

ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे सहित निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts