बालोद,29 जुलाई 2026
जिले के भैसबोड़ गांव में 16.15 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य करीब एक वर्ष बाद भी शुरू नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क के बीच धान की रोपाई कर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान वे ट्रैक्टर लेकर भी मौके पर पहुंचे और जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, राम मंदिर से मड़ई चौक तक सड़क निर्माण के लिए मंडी बोर्ड से 12 दिसंबर 2024 को प्रशासनिक स्वीकृति जारी हुई थी। इसके बाद 4 सितंबर 2025 को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया था। निर्धारित समय के अनुसार तीन महीने में सड़क का निर्माण पूरा होना था, लेकिन लगभग एक साल बीत जाने के बावजूद काम शुरू नहीं हो सका।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों की मांग के बाद सड़क को मंजूरी मिलने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। वहीं, इस मामले में डौंडी जनपद पंचायत के सीईओ डी. डी. मांडले से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।



