रायगढ़,29 जुलाई 2026
जिले के मां शिवा स्टील प्लांट में बुधवार को हुए एक औद्योगिक हादसे में चार श्रमिक झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह श्रमिक प्लांट में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान इंडक्शन फर्नेस में अचानक बॉयलिंग होने से प्रमोद सोनी, चौखर सिंह, शनि सिंह और गुड्डू इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन और पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां दो श्रमिकों का गंभीर हालत में उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग की घटना के कारण चार श्रमिक झुलसे हैं। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



