रायपुर, 16 सितंबर 2026
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के लोगों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने एम्स रायपुर पहुंचकर मुलाकात की। मंगलवार देर शाम रायपुर एम्स पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने घायलों और उनके परिजनों से आत्मीयता से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी उपचार की जानकारी ली। उन्होंने घायलों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, चल रहे उपचार और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया पर चर्चा की तथा सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बांधाटोला निवासी पांच वर्षीय लुकेश पटेल, दो वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल से मुलाकात कर उनका हाल जाना। मासूम बच्चों समेत हादसे में घायल लोगों और उनके परिजनों के बीच पहुंचकर उन्होंने ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है।
उप मुख्यमंत्री हादसे के बाद से लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं। अस्पताल में भर्ती से लेकर घायलों के उपचार तक वे निरंतर जानकारी लेते हुए पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कहते रहे हैं।
दिवंगतों के घर पहुंचकर जता चुके हैं संवेदना
हादसे के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले में दुर्घटना में दिवंगत हुए पीड़ितों के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की थी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की थीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया था। इसी दौरान उन्होंने हादसे में घायल लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली थी।

