बिना गारा-चूने के बना चमत्कारी घाघरा मंदिर, प्राचीन भारतीय वास्तुकला का अद्भुत और रहस्यमयी नमूना

बिना गारा-चूने के बना चमत्कारी घाघरा मंदिर, प्राचीन भारतीय वास्तुकला का अद्भुत और रहस्यमयी नमूना

रायपुर 5 जून2026

छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत में शामिल घाघरा मंदिर अपनी अनोखी निर्माण शैली और रहस्यमयी पहचान के कारण लोगों को आकर्षित करता है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर क्षेत्र के समीप स्थित यह प्राचीन मंदिर बिना गारा, चूना या सीमेंट के केवल विशाल पत्थरों को संतुलित कर बनाया गया है, जो भारतीय स्थापत्य कला और प्राचीन इंजीनियरिंग कौशल का अद्भुत उदाहरण माना जाता है।

सदियों से अडिग खड़ी है पत्थरों की यह अनूठी संरचना

जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित यह मंदिर वर्षों से मौसम और प्राकृतिक आपदाओं का सामना करते हुए मजबूती से खड़ा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि निर्माण में उपयोग किए गए पत्थरों को इस तरह जोड़ा गया है कि किसी भी बाहरी बंधनकारी सामग्री की आवश्यकता नहीं पड़ी। यही वजह है कि यह मंदिर पुरातात्विक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

पीसा की मीनार की तरह झुका हुआ है मंदिर

घाघरा मंदिर का एक ओर झुका हुआ स्वरूप इसकी सबसे रोचक विशेषताओं में से एक है। माना जाता है कि किसी समय भूगर्भीय हलचल या भूकंप के कारण इसका संतुलन प्रभावित हुआ होगा। इसके बावजूद यह संरचना आज भी सुरक्षित और स्थिर बनी हुई है, जो प्राचीन शिल्पकारों की अद्वितीय तकनीकी दक्षता को दर्शाती है।

इतिहास और आस्था से जुड़ा रहस्य

मंदिर के निर्माण काल को लेकर इतिहासकारों के अलग-अलग मत हैं। कुछ इसे 10वीं शताब्दी का बताते हैं, जबकि कुछ विद्वान इसे बौद्धकालीन स्थापत्य से जोड़ते हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यह एक प्राचीन शिव मंदिर है, जहां विशेष अवसरों पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। हालांकि मंदिर के गर्भगृह में किसी प्रतिमा का न होना इसके रहस्य को और गहरा बना देता है।

पर्यटन का आकर्षण बन रहा घाघरा मंदिर

घाघरा मंदिर केवल एक ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत का प्रतीक भी है। जनकपुर से इसकी आसान पहुंच और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करती है। यही कारण है कि प्रदेश ही नहीं, देश के विभिन्न हिस्सों से इतिहास प्रेमी और पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *