रायपुर, 1 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान रविवार को भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल हुए। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर टीम के जवानों ने रोमांचकारी करतबों और शानदार समन्वय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

आसमान में हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, तिरंगे की मनमोहक छटा और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मुख्यमंत्री ने वायु सेना के जवानों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा- युवाओं के लिए प्रेरणादायी है वायु वीरों का प्रदर्शन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग टीम का प्रदर्शन हम सभी के लिए गर्व का विषय है। वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया है, वह प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल रोमांचकारी हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।

सारंग का अर्थ है मोर, अनुशासन और उत्कृष्टता का प्रतीक

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस प्रकार मोर देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि हवाई प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों की विभिन्न फॉर्मेशन और साहसिक करतब देखने में भले ही सहज और सुंदर लगते हों, लेकिन इनके पीछे विस्तृत योजना, निरंतर अभ्यास, गहरी एकाग्रता और असाधारण समन्वय होता है।

प्रत्येक पायलट को अपनी भूमिका के साथ-साथ अपने साथियों की गतिविधियों का भी ध्यान रखना पड़ता है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में एक-दूसरे पर अटूट विश्वास और सटीक तालमेल से ही ऐसी अद्भुत प्रस्तुतियां संभव होती हैं। सारंग टीम का प्रदर्शन संदेश देता है कि अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।

आकाशगंगा टीम ने पैराशूट से उतरकर दिखाया अद्भुत साहस

हवाई प्रदर्शन का रोमांचकारी शुभारंभ भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने किया। खुले आसमान से छलांग लगाते हुए टीम के जवानों ने अपने पैराशूट को कुशलतापूर्वक नियंत्रित कर साहस, संतुलन और सटीकता का परिचय दिया।

स्काईडाइवर्स ने निर्धारित दिशा और गति के अनुरूप पैराशूट नियंत्रित किए तथा सेंध लेक के सामने तय स्थान पर सटीक लैंडिंग की। जवानों के सफलतापूर्वक उतरते ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस प्रदर्शन ने भारतीय वायु सेना के जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता और कठिन परिस्थितियों में संतुलन बनाए रखने की क्षमता की प्रभावशाली झलक दिखाई।

गरुड़ कमांडोज ने दिखाया विशेष ऑपरेशन का कौशल

आकाशगंगा टीम के प्रदर्शन के बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का साहसिक प्रदर्शन किया। जवानों ने हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर अपनी दक्षता का परिचय दिया।

इसके बाद कमांडोज ने सेंध लेक के सामने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जवानों ने ऑपरेशन पूरा करने के बाद मंच को सलामी दी। इस प्रस्तुति ने भारतीय वायु सेना के विशेष बलों की परिचालन क्षमता, त्वरित कार्रवाई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिशन पूरा करने के कौशल को प्रदर्शित किया।

सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में रचा रोमांच

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने नवा रायपुर के आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन और साहसिक हवाई करतब प्रस्तुत किए।

पायलटों ने अत्यंत सटीक नियंत्रण, संतुलन और बेहतरीन समन्वय के साथ हेलीकॉप्टर उड़ाकर अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया। कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब दिखाई दिए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद फिर से निर्धारित फॉर्मेशन में एक साथ आ गए।

प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों का रोमांचकारी क्रॉसओवर करतब दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। तेज गति से एक-दूसरे के सामने से गुजरते हेलीकॉप्टरों को देखकर उपस्थित जनसमूह आश्चर्यचकित रह गया। प्रत्येक नई फॉर्मेशन के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया और तालियों से वायु वीरों का उत्साहवर्धन किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने भी सारंग टीम के इस शानदार प्रदर्शन को उत्साहपूर्वक देखा और पायलटों के साहस, अनुशासन तथा उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की।

कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने प्रदेश के प्रति विशेष स्नेह और सम्मान भी व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से प्रदेश का लोकप्रिय उद्घोष ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ कहकर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया।

आसमान से गूंजे इस आत्मीय उद्घोष ने उपस्थित जनसमूह का उत्साह दोगुना कर दिया। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर भारतीय वायु सेना के जवानों द्वारा छत्तीसगढ़ की पहचान और जनभावनाओं को सम्मान देने का यह क्षण यादगार बन गया।

तिरंगे की फॉर्मेशन और वंदे मातरम् से देशभक्ति के रंग में रंगा आसमान

हवाई प्रदर्शन के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में तिरंगे के रंगों की आकर्षक छटा ने पूरे वातावरण को राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना से भर दिया।

हेलीकॉप्टरों का शानदार तालमेल, तिरंगे की रंगीन छटा और देशभक्ति गीत की गूंज ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। शौर्य, साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम से परिपूर्ण इस प्रस्तुति के साथ हवाई प्रदर्शन का भव्य समापन हुआ।

विश्वभर में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है सारंग टीम

भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह टीम अपने सुनियोजित हवाई करतबों, आकर्षक फॉर्मेशनों और अद्भुत उड़ान कौशल के माध्यम से भारतीय वायु सेना की सटीकता, अनुशासन और व्यावसायिक उत्कृष्टता का परिचय देती है।

सारंग टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित दुनिया के अनेक देशों में अपने शानदार हवाई प्रदर्शन से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इसकी प्रस्तुतियां भारतीय वायु सेना की दक्षता, साहस और तकनीकी उत्कृष्टता का परिचय देती रही हैं।

2 नवंबर को सेंध लेक में होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन

आज आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस, अनुशासन और उड़ान कौशल को देखने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, भारतीय वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts